रेवाड़ी। जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से शेष बजट जारी नहीं किया गया है। इसके चलते स्कूलों को आवंटित राशि का इंतजार करना पड़ रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने इन कार्यों के लिए 36 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया था। इसमें से अब तक 18 लाख रुपये ही जारी किए गए हैं।
शेष 18 लाख रुपये मिलने के बाद ही विद्यालयों में जरूरी कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा। बजट का इस्तेमाल स्कूल परिसरों की सफाई, बागवानी, जल निकासी और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए किया जाना है।
इसके अलावा छतों, शौचालयों और खेल मैदानों की सफाई व रखरखाव भी इसी राशि से करवाया जाना है। राशि जारी होने के बाद इसे संबंधित स्कूल मुखियाओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि वे स्थानीय जरूरतों के अनुसार काम करवा सकें।
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से इन कार्यों के लिए प्रति विद्यालय प्रतिमाह आठ हजार रुपये की दर से बजट निर्धारित किया गया है। जिन राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सफाई के लिए पार्ट टाइम वर्कर नियुक्त नहीं हैं, वहां भी इस राशि से सफाई संबंधी जरूरी कार्य करवाए जा सकते हैं।
शेष बजट जारी होने के बाद विद्यालयों में स्वच्छता और रखरखाव से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। इससे स्कूल परिसरों को साफ रखने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर और स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
शेष राशि जल्द वितरित करने के निर्देश
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बजट वितरण की समीक्षा के बाद जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों में आवंटित बजट की पूरी राशि विद्यालयों तक नहीं पहुंची है, वहां शेष राशि जल्द जारी की जाए। इसी क्रम में जिले के स्कूलों को भी 18 लाख रुपये मिलने बाकी हैं। राशि जारी होने के बाद संबंधित विद्यालयों में साफ-सफाई, बागवानी और रखरखाव से जुड़े जरूरी कार्य करवाए जा सकेंगे।
वर्जन:
विद्यालयों में साफ-सफाई और बागवानी के कार्यों के लिए बजट जारी किया गया है। जिले में आवंटित राशि का अधिकांश हिस्सा वितरित किया जा चुका है। शेष राशि भी संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।-राजेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी।