संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी पुल के निकट सोमवार की रात सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा साइड में खड़े डंपर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नंदरामपुर बास निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे वह मेहंदीपुर बालाजी से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। यहां एक ऑटो चालक धारूहेड़ा जाने के लिए आवाज लगा रहा था। ऑटो में यात्री बैठे भी थे। ऑटो पर कुल 8 लोग सवार थे। चालक के कहने पर वह भी बैठ गए। सवारियों को लेकर ऑटोचालक चला। साहबी पुल से आगे सड़क के किनारे खड़े एक डंपर से ऑटो रिक्शा टकराकर पलट गया। इस घटना में भिवाड़ी निवासी शिवांगी पुत्री मिथलेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य आठ लोग घायल हो गए। नरेश ने बताया कि वह चालक से बार-बार धीमी गति से ऑटो चलाने की बात कह रहे थे लेकिन वह नहीं माना और हादसा हो गया। हादसे में मामले की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।