रेवाड़ी। जैसलमेर से दिल्ली जा रही रुणिचा एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का बैटरी बाॅक्स टूटने से हरिनगर के पास ट्रेन रुकी रही। इस दौरान अधिकतर यात्री उतर गए। इसका लाभ उठाते हुए ऑटोरिक्शा चालकों ने यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक ले जाने के लिए मनमाने ढंग से किराये की वसूली की।
रुणिचा एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का बैटरी बाक्स पटरी के टुकड़े से टकराने के कारण क्षतिग्रस्त हुई थी। चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया लेकिन यात्रियों में भगदड़ मच गई थी। अधिकतर यात्री ट्रेन से उतर गए। तमाम यात्रियों ने प्रतीक्षा करने की जगह हरिनगर से ऑटो के सहारे रेलवे स्टेशन पहुंचने का निर्णय लिया। घटना की जानकारी होने पर ऑटोरिक्शा चालक भी मौके पर पहुंच गए। ऑटो चालकों ने मौके का फायदा उठाते हुए यात्रियों से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए 50 से 100 रुपये तक वसूले।