रेवाड़ी। पटौदी रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-352 के फ्लाईओवर के नीचे लगाए गए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के नाके पर ओवरलोड ट्राले को छुड़ाने के गए तीन लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनको कार से कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के पैर में चोट लग गई। भागने के दौरान आरोपियों की कार एक पेड़ से टकरा गई और वे उसे वहां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आरटीए ने ओवरलोड वाहनों की जांच के लिए पटौदी रोड पर नाका लगाया हुआ है। वीरवार को देररात हेडकांस्टेबल धर्मेंद्र, सिपाही राजकुमार व रोडवेज विभाग के चालक विनोद कुमार नाके पर ड्यूटी दे रहे थे। रात को करीब 12 बजे उन्होंने रेवाड़ी की तरफ से आ रहे ट्राले को जांच के लिए रोक लिया। उन्होंने ट्राले में भरी सीमेंट के वजन की पर्ची मांगी तो चालक ने बताया कि मालिक पीछे आ रहे हैं। थोड़ी देर बाद आई-10 कार में सवार तीन लोग नाके पर पहुंच गए और चालक से ट्राला लेकर चले जाने के लिए कहा। पुलिसकर्मियों ने ट्राले को रोकना चाहा, लेकिन कार चालक ने तेजी से उन्हें टक्कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान कार का टायर सिपाही राजकुमार के पैर पर चढ़ गया और वह घायल हो गए। भागने के प्रयास में आरोपियों की कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई व वहीं रुक गई। कार के स्टार्ट नहीं होने पर तीनों आरोपी उतरकर फरार हो गए। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की कार को अपने कब्जे में ले लिया। सदर पुलिस ने सिपाही राजकुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।