रेवाड़ी। इंटरनेट पर व्हाट्सएप व फेसबुक पर आपके पास अनजान वीडियो काल आ रही है तो सावधान हो जाएं, आप हनीट्रैप का शिकार हो सकते हैं। कई जिलों में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। बदमाश व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया पर वीडियो काल कनेक्ट होते ही अश्लील हरकत दिखा सामने वाले के साथ स्क्रीन रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिले में भी सामने आया है, जब एक अनजान महिला ने एक स्कूल के प्राचार्य को वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें कर ट्रैप में फंसाने का प्रयास किया, लेकिन जागरूकता के कारण प्राचार्य ठगी का शिकार होने से बच गए। उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दी है।
प्राचार्य राजकुमार के अनुसार 22 जुलाई को वह अपने विद्यालय में पौधरोपण के कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान उनके पास अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। काल उठाते ही स्क्रीन पर एक महिला अश्लील हरकतें कर रही थी। उन्होंने तुरंत ही काल को डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद भी महिला ने कई बार कॉल की और अश्लील मैसेज भी भेजने शुरू कर दिए। प्राचार्य ने उन नंबरों को ब्लॉक कर दिया। प्राचार्य ने महिला द्वारा भेजे गए मैसेज के स्क्रीन शॉट पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने महिला के खिलाफ साइबर थाना में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संवाद