रेवाड़ी। जिले के गांव पीथनवास निवासी एक रेलवे कर्मचारी ने अपने ही चाचा पर तेजधार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए कसौला थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हमले में रेलवेकर्मी घायल हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पीथनवास निवासी महीपाल ने बताया कि वह रेलवे में कार्यरत है और 30 मार्च तक छुट्टी लेकर घर आया हुआ है। उसके घर के साथ ही चाचा यादराम का मकान है। उनकी दीवार के साथ ही एक शीशम का पेड़ खड़ा है, जिसका झुकाव महीपाल के घर के अंदर है। शीशम के पेड़ से पत्ते झड़कर महीपाल के आंगन में गिरते हैं। 30 मार्च को महीपाल घर की तरफ झुक रही टहनियों को काट रहे थे। इसी दौरान यादराम ने झगड़ा शुरू कर दिया तथा डांगी (पेड़ काटने का तेजधार औजार) से गर्दन पर हमला कर दिया। उन्होंने बचने का प्रयास किया, लेकिन बाएं हाथ चार अंगुलियों पर गंभीर चोट लग गई। वह उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। कसौला पुलिस ने महीपाल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।