जिले में साइबर ठगों का जाल बढ़ता जा रहा है। कभी एटीएम का पासवर्ड पूछकर तो कभी एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से राशि साफ की जा रही हैै। सोमवार को भी गांव रालियावास निवासी एक युवक के बैंक खाते से अलग-अलग तीन बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल में मैसेज आने के बाद ठगी की जानकारी मिली। जबकि पीड़ित का एटीएम कार्ड उसकी जेब में था। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव रालियावास निवासी सुशील ने शिकायत में बताया कि रेवाड़ी के कानोड गेट के समीप ओबीसी बैैंक में उसका खाता है, जिसमें से 19 जुलाई को तीन बार 25 हजार चालीस रुपये की राशि साफ कर दी गई। जबकि उसने न तो किसी को अपना पिन नंबर बताया और न ही किसी को एटीएम कार्ड दिया। उसके मोबाइल में रुपये काटे जाने के मैसेज आने के बाद उसे ठगी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद बैंक अधिकारियों व पुलिस थाना में संपर्क किया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।