जिला में साइबर अपराध की वारदात थम नहीं रही है। गांव लुखी निवासी एक पूर्व सैनिक को शातिर बदमाश ने एटीएम कार्ड चालू करने का झांसा देकर बैंक खाते से 27 हजार 500 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आने के बाद पूर्व सैनिक को ठगी का पता लगा तथा साइबर थाना में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार गांव लुखी निवासी देशराज सेना से नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त है तथा गांव में स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में उनका सेविंग खाता है। देशराज ने बताया कि उसने बैंक खाते से एटीएम कार्ड लिया था, जो अभी चालू नहीं हुआ था। 13 फरवरी को एक व्यक्ति का उनके पास फोन आया तथा अपने आप को बैंक अधिकारी बताते हुए एटीएम चालू करने के लिए कहा। आरोपी ने देशराज से बैंक खाता संबंधी सारी जानकारी ले ली। उनके मोबाइल पर आए वन टाइम पासवर्ड भी पूछ लिए। कुछ देर बाद देशराज के खाते से 27 हजार 500 रुपये कट गए। बैंक खाते से रुपये कटने का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी के बारे में पता लगा। साइबर थाना ने उनकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।