संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज रेवाड़ी नगर समिति का सातवां नगर सम्मेलन रविवार को बाल भवन में संपन्न हुआ। इसमें कलाकारों ने नेपाल की कला और संस्कृति पर आधारित गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। नगर समिति की ओर से अतिथियों के माध्यम से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के केंद्रीय सदस्य एवं पश्चिमोत्तर क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष शालिकराम आचार्य ने किया। उन्होंने कहा कि मूल प्रवाह अखिल भारत केंद्रीय समिति के दिशा निर्देश पर देश भर में नगर समिति के सम्मेलन आयोजित कर रहे हैं। इसके माध्यम से भारत में रह रहे नेपाल की जनता के साथ प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात करते हुए सामूहिक एकता का संदेश दे रहे हैं। प्रवास में रह रहे नेपाली नागरिकों के लिए मतदान के अधिकार और समानुपातिक प्रतिनिधित्व के लिए संघर्ष करें। नेपाली अधिकार और सामाजिक सुरक्षा के लिए संगठित बनें। नगर समिति को सशक्त बनाते हुए नई कार्यकारिणी का गठन कर रहे हैं। नेपाल और भारत के नागरिकों के बीच हमेशा से ही सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और भावनात्मक संबंध रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय समिति सदस्य विक्रम राणा ने कहा कि हम संगठित होकर ही हम अपनी पहचान बना सकते हैं। रेवाड़ी ही नहीं देश भर नेपाल के नागरिकों अधिकारों की बात करते हैं तो मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज को अभिवावक के रूप में पहचाना जाता है। नगर परिषद के पूर्व कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव ने कहा सकारात्मक सोच के साथ जो समाज आगे बढ़ता है वह हमेशा तरक्की करते हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष प्रसाद घिमिरे, मनीषा परियार, भूप बहादुर, काजी राम श्रेष्ठ, नीमराना से रोम पूण, भिवानी से दिल बहादुर भटराई, महिला विभाग की हस्तो देवी, आरएसओ रमेश वशिष्ठ मौजूद रहे।