सीआईए की टीम ने करीब 35 लाख रुपये की ब्राउन शुगर पकड़ने के मामले में दो और आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला भरतपुर निवासी राजेश व अजयऱ्पाल के रूप में हुई है। इस मामले में आरोपी पाली के आकड़ावास निवासी बादरराम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए इंचार्ज विद्या सागर ने बताया कि सोमवार की रात पाली के गांव आकड़ावास निवासी बादरराम को रेलवे चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 734 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई थी, जिसकी कीमत करीब 35 लाख रुपये है। इस मामले में बादरराम से पूछताछ के बाद मंगलवार को ही राजस्थान में दबिश दी गई और बादरराम को ब्राउन शुगर मुहैया कराने वाले राजेश व अजयपाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार दोनों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान दोनों से पूछताछ कर इस मामले की जड़ तक जाने का प्रयास किया जा रहा है।