दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित कर उसका जबरन गर्भपात कराने के आरोप में कारोली निवासी सैनिक प्रवीण उर्फ सोनू को सदर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
एक महिला ने बताया कि उसकी शादी 30 मई 2014 को कारोली निवासी प्रवीण उर्फ सोनू से हुई थी, सोनू भारतीय सेना में कार्यरत है और उसकी तैनाती सिलिगुड़ी में है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसको ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। यही नहीं महिला का आरोप है कि ससुर ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब उसने इस हरकत के बारे में प्रवीण को बताया तो वह उसे सिलिगुड़ी ले गया। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी पर प्रवीण ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती दवा देकर गर्भपात करा दिया। जनवरी माह में पीड़िता का पति उसे फिर से ससुराल ले आया था। इसी दौरान मौका पाकर पीड़िता के ससुर ने फिर से उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। पीड़िता ने जब इस घटना के बारे में पति, सास व अन्य ससुराल के सदस्यों को बताया तो उन्होंने उल्टा उसके साथ ही मारपीट की। सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, ससुर सहित अन्य ससुराल के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हाल ही में प्रवीण छुट्टी पर आया था, इसकी जानकारी पर देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार आरोपी को अदालत में पेश किया गया।