फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: एक्यूआई 280 पहुंचा, सांस लेना भी मुश्किल, पूरे दिन छाया रहा स्मॉग

Sat, 07 Nov 2026 12:08 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
दोपहर के समय छाया स्मॉग। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। सर्दी की दस्तक के साथ ही शहर की आबोहवा खराब होने लगी है। शुक्रवार को सुबह से शाम तक शहर में स्मॉग छाया रहा। वायु प्रदूषण के चलते सांस लेना भी मुश्किल हो गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार जिले में एक्यूआई 280 तक पहुंच गया, जबकि औसत एक्यूआई 272 दर्ज किया गया।
विज्ञापन

भिवाड़ी का एक्यूआई 335 दर्ज किया गया है। हवा में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय वातावरण में धुंध और धुएं की परत दिखाई दी। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ प्रदूषक कणों का स्तर भी बढ़ने लगा है।
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंचने से प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसका असर रेवाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों की आबोहवा पर भी पड़ रहा है। सर्दियों में तापमान गिरने, हवा की गति कम होने और वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषक कण वातावरण की निचली सतह पर जमा होने लगते हैं। इससे स्मॉग लंबे समय तक बना रहता है।
विज्ञापन

पर्यावरणविद् एवं मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार पिछले दिनों पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने और हल्की बारिश के कारण हरियाणा-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा था। हालांकि, त्योहारी सीजन शुरू होने के बाद आतिशबाजी और स्थानीय गतिविधियों से वायु गुणवत्ता दोबारा प्रभावित होने लगी है।
उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह प्रदूषण के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकता है। पंजाब, पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाओं के साथ उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदूषक कण दक्षिणी हरियाणा और एनसीआर की ओर पहुंच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के लिए केवल पराली जिम्मेदार नहीं है। वाहनों का धुआं, यातायात जाम, निर्माण कार्य, खनन गतिविधियां, ईंट-भट्ठे और सड़कों से उड़ने वाली धूल भी इसके प्रमुख कारण हैं।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत
डॉ. चंद्रमोहन ने लोगों को सलाह दी कि प्रदूषण बढ़ने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। सुबह और देर शाम खुले स्थानों पर सैर एवं व्यायाम करने से परहेज करें। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से प्रभावित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कूड़ा और पत्तियां नहीं जलाने, निजी वाहनों का कम उपयोग करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और पटाखों से परहेज करने की अपील की। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।

दोपहर के समय छाया स्मॉग। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें