संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में आठ वर्ष के इंतजार के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों पर रिक्त पड़े वर्कर और सहायिकाओं के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं।
जिले में 1099 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1082 सहायिकाओं के पद स्वीकृत हैं। इनमें 994 कार्यकर्ता और 731 सहायिकाएं कार्यरत हैं। वर्तमान में 105 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा 351 सहायिकाओं के पद रिक्त हैं, जिन पर भर्ती की जाएगी। हालांकि नियुक्तियों के बाद रिक्त पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
केवल महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगी। आवेदन उसी गांव या वार्ड के लिए मान्य होगा, जहां की अभ्यर्थी स्थायी निवासी है। आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। पात्रता, आरक्षण और अन्य नियमों की जानकारी संबंधित महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
-
ब्लॉकवार रिक्त पद इस प्रकार हैं
बावल : 29 वर्कर, 53 सहायिका
जाटूसाना : 26 वर्कर, 74 सहायिका
खोल : 27 वर्कर, 61 सहायिका
रेवाड़ी शहरी : कोई वर्कर पद रिक्त नहीं, 51 सहायिका
रेवाड़ी ग्रामीण : 8 वर्कर, 64 सहायिका
नाहड़ : 15 वर्कर, 48 सहायिका
-
वर्जन :
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गर्भवतियों, धात्री माताओं और छह वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रिक्त पद भरने से केंद्रों का संचालन बेहतर होगा और लाभार्थियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। -शालू यादव, महिला एवं बाल विकास अधिकारी