संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2023 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 2 व 3 दिसंबर को करवाया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से 10 नवम्बर की रात 12:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दो दिसंबर को लेवल-3 की परीक्षा शाम 3:00 बजे से 5:30 बजे तक और 3 दिसम्बर को लेवल-2 की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक होगी। लेवल-1 की परीक्षा सायं 3 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित करवाई जाएगी। परीक्षा से संबंधित सूचना बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए इस वेबसाइट पर 10 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 1 हजार रुपये, दो लेवल के लिए 1800 रुपये और 3 लेवल के लिए 2400 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसी प्रकार हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित तथा दिव्यांग अभ्यर्थी यदि एक लेवल के लिए आवेदन करता है तो उसे 500 रुपये, दो लेवल के लिए 900 रुपये और तीनों लेवल के लिए 1200 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा।