कुंड। सैनिक स्कूल गोठड़ा अहीर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (एआईएसएसईई) 2027 के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर की रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयन होने से सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन बूज किशोर के अनुसार कक्षा छठी में लगभग 100 और कक्षा नौवीं में 45 सीटों पर प्रवेश संभावित है।
सीटों की वास्तविक संख्या परीक्षा परिणाम और विद्यालय छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या पर निर्भर करेगी। अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची और मेडिकल फिटनेस के अनुसार किया जाएगा।
कक्षा छठी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित की गई है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आयु संबंधी पात्रता की जांच करना जरूरी है।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य कैप्टन बृज किशोर ने बताया कि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक संशोधन का अवसर मिलेगा।