रेवाड़ी। प्रदेश में 2651 रिक्त उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) के लाइसेंस आवंटित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 10 अक्तूबर को पोर्टल का शुभारंभ किया गया था। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई है।
डीएफएससी नितीश कुमार सिंगला ने बताया कि रेवाड़ी के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कुल 207 राशन डिपो की रिक्तियां हैं। इनका विवरण खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट तथा जिला प्रशासन रेवाड़ी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
इच्छुक आवेदक उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला रेवाड़ी के गांव लिसाना और गांव डाबड़ी की रिक्तियां रद समझी जाएंगी, क्योंकि इन गांवों में उचित मूल्य की दुकान के लाइसेंस के लिए स्थान रिक्त नहीं है।
डीएफएससी ने बताया कि राशन डिपो के लिए आवेदनकर्ता संबंधित वार्ड या गांव का निवासी और बेरोजगार होना चाहिए। उसकी आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि संतोषजनक होनी आवश्यक है।
आवेदक का कम से कम 12वीं पास होना और कंप्यूटर का ज्ञान होना भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि राशन डिपो के लाइसेंस आवंटन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त विधवाओं और तेजाब हमले से पीड़ित महिलाओं को प्राथमिकता देने का भी प्रावधान है।
इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद