रेवाड़ी। हरियाणा सरकार प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं को उभारने के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, जिसके लिए सरकार की ओर से खेल नर्सरी योजना शुरू की गई है। खेल और युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से खेल नर्सरी योजना के तहत सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों, पंचायत एवं निजी खेल संस्थानों से खेल नर्सरी स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च है।
डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य राज्य में प्रारंभिक रूप से खेलों को बढ़ावा देने तथा ग्रास रूट लेवल पर खेल प्रतिभाओं को उभारना है। खेल नर्सरी योजना के तहत खेल नर्सरी ओलंपिक, एशियन व कॉमनवेल्थ गेम्स में सम्मिलित खेलों के लिए ही खोली जा सकेंगी, जिसके लिए इच्छुक संस्थान खेल विभाग हरियाणा के पोर्टल पर 15 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।