रेवाड़ी। डॉ. भीमराव आंबेडकर मेधावी छात्र योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुसूचित जाति, विमुक्त, घुमंतू, अर्ध घुमंतू, टपरीवास, पिछड़ा वर्ग और सामान्य श्रेणी के पात्र विद्यार्थी 30 नवंबर तक सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत पात्र विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता और श्रेणी के अनुसार छात्रवृत्ति दी जाती है। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय चार लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को दसवीं में निर्धारित अंक प्राप्त करने पर आठ हजार रुपये दिए जाते हैं। बारहवीं के बाद स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने पर पात्र विद्यार्थियों को आठ हजार से दस हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति मिल सकती है।
वहीं, स्नातक में निर्धारित अंक प्राप्त कर स्नातकोत्तर में दाखिला लेने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को नौ हजार से 12 हजार रुपये तक की राशि दी जाती है। पिछड़ा वर्ग की विभिन्न श्रेणियों के विद्यार्थियों के लिए भी निर्धारित अंकों के आधार पर छात्रवृत्ति का प्रावधान है।
जिला कल्याण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि आवेदक का हरियाणा का मूल निवासी होना आवश्यक है। विद्यार्थी सरल हरियाणा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेज में त्रुटि होने पर सुधार के लिए 15-15 दिन के तीन अवसर मिलेंगे। योजना की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।