रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय(आईजीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक और एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक विद्यार्थी 10 जून तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस बार रोजगार आधारित और आधुनिक पाठ्यक्रमों पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यार्थियों के लिए पांच वर्षीय एकीकृत एमकॉम, पांच वर्षीय एकीकृत एमबीए, होटल एवं पर्यटन प्रबंधन, गणित और रसायन विज्ञान में बीएससी ऑनर्स, बीए रक्षा अध्ययन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग के साथ बीटेक कंप्यूटर साइंस, भौतिक विज्ञान और जीवन विज्ञान जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध रहेंगे। अधिकांश कोर्सों में 60 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि रक्षा अध्ययन और पत्रकारिता पाठ्यक्रम में 30-30 सीटों पर दादाखिले होंगे।
सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण और काउंसलिंग शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं हरियाणा के अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 750 रुपये रखा गया है। अधिकतर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।
इन पदों पर कर सकते हैं रोजगार प्राप्त : कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थी अस्पताल फार्मेसी, अनुसंधान केंद्र, मेडिकल स्टोर, स्वास्थ्य केंद्र और दवा कंपनियों में फार्मासिस्ट, मेडिकल प्रतिनिधि, मेडिकल लेखक और नियामक प्रबंधक जैसे पदों पर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।