कोसली। गांव सुधराना में असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है। मामले में नाहड़ पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले को लेकर शनिवार को गांव सुधराना में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बैठक की। इसमें असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी कृष्ण बाहला, अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार संघ के जिलाध्यक्ष आशीष प्रजापति नेहरूगढ़, अम्बेडकर कल्याण समिति बिसोहा के अध्यक्ष होशियार सिंह, सतीश नाहड़, ओमप्रकाश कोसली, अंबेडकर जागृति मंच, सुधराना के अध्यक्ष अनूप कप्तान, ईश्वर सरपंच न्योला मौजूद रहे। नाहड़ पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव सुधराना से बाबा भीमराव जागृति मंच के प्रधान मनोज कुमार की ओर से एक शिकायत मिली है, जिसमें डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की बात बताई गई है। पुलिस टीम ने मौके पर शिकायत को सही पाया और इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।