रेवाड़ी। स्वास्थ्य विभाग जुलाई को एंटी-डेंगू माह मना रहा है। सोमवार को प्रवर चिकित्सा अधिकारी अशोक कुमार रंगा, डॉ. गौरव यादव, डॉ. सुमित कुमार की अध्यक्षता में जिला अस्पताल में आए मरीजों व लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और इन दिनों में डेंगू के मच्छर पैदा होते है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वह प्रत्येक रविवार को ड्राई डे बनाना सुनिचित करे व घर में रखे टूटे-फूटे बर्तन, टायर व उसमें जमा हुए पानी को खाली करें ताकि डेंगू के मच्छर पैदा होने से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें व सुबह-शाम बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाकर बाहर भेजें। यदि किसी को बुखार के साथ शरीर पर लाल दाने दिखाई दे तो जल्द ही अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। बता दें कि पिछले वर्ष भी जुलाई के माह में ही डेंगू के केस मिलने शुरू हुए थे इसके बाद से रिकार्ड 324 डेंगू के मामले आए थे। इस मौके पर हैल्थ इंस्पेक्टर बिरेन्द्र सिंह, एमपीएचडब्ल्यू दिनेश यादव, राहुल दहिया, विरेन्द्र, विनोद, सुरेश, धर्मवीर व प्रवीन कुमार आदि उपस्थित थे।
वर्ष 2022 में जिले में मिले थे डेंगू के 324 केस
जिले में पिछले वर्ष 2022 में 25 जुलाई को डेंगू का पहला केस मिला था। इसके बाद से डेंगू का डंक लगातार फैलता गया और वर्ष 2022 में रिकॉर्ड 324 केस निकले वर्ष 2021 में डेंगू के 306 केस मिले थे। इनमें भी बड़ी संख्या में शहर में ही डेंगू के मामले आए थे। ऐसे में विभाग की ओर से इस बार शहरी क्षेत्र पर भी फोकस किया हुआ है।
हर रविवार को ड्राई-डे मनाएं : नोडल अधिकारी
डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन जुलाई से इस माह को एंटी-डेंगू माह के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें एमपीएचडब्ल्यू कार्यकर्ता, आशा वर्कर की ओर से फीवर मास सर्वे किया जाएगा। घर-घर जाकर कूलर, गमले, फ्रीज, पानी की टंकी की जांच करेंगे और लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जाएगा।