बावल। गांव रायपुर के बाबा बड़देव मंदिर से चांदी के 6 छत्र और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने राजस्थान के जिला खैरथल, तिजारा के हाल आबाद गांव खेड़ा तिगांवा निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मंदिर के पुजारी सत्यनारायण ने शिकायत में बताया कि 5 जनवरी की रात उन्होंने मंदिर के कपाट बंद कर ताला लगाया और सोने चले गए। अगले दिन सुबह जब कोई व्यक्ति मंदिर में माथा टेकने आया तो देखा कि ताला टूटा था। मंदिर से चांदी के 6 छत्र और लगभग 60 हजार रुपये नकदी चोरी हो गए थे।
पुलिस ने तुरंत थाना बावल में चोरी की एफआईआर दर्ज की। पहले गिरफ्तार आरोपियों मोहित और सचिन के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 5,530 रुपये बरामद किए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चांदी के छत्र अपने साथी राहुल को बेचने के लिए दिए थे। इसके आधार पर मंगलवार को पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी के सभी 6 छत्र बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी राहुल को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।