रेवाड़ी। चौकी कानोड गेट पुलिस ने 26 जून को मोहल्ला शिव कॉलोनी में मकान पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में मोहल्ला कुतुबपुर निवासी नक्षत्र उर्फ नक्सू को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार मोहल्ला शिव कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने शिकायत में बताया था कि 26 जून को उसके मकान के बाहर दो युवक मोहल्ला कुतुबपुर निवासी गौरव व हेमंत उर्फ हांडी बाइक पर आए और उसके मकान पर फायरिंग करने लगे।
फायरिंग की आवाज सुनकर जब उसकी बेटी ने मकान का दरवाजा खोल कर देखा तो आरोपी गौरव ने उस पर सीधे फायर करके जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में उसकी बेटी के नीचे बैठ जाने के कारण गोली उनके मकान के जीने में जाकर लगी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दो आरोपी गौरव व हेमंत उर्फ हांडी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।