संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पोसवाल चौक पर एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में तोड़फोड़, मारपीट व नकदी छीनने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव धनौरा निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में 11 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कालाका निवासी सचिन ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने पोसवाल चौक रेवाड़ी के पास सचिन रियल एस्टेट नाम के ऑफिस किया हुआ है। 29 मार्च 2023 को वह अपने साथी पवन निवासी गांव निखरी, महेश निवासी गांव मीरपुर, सुन्दर प्रताप निवासी गांव सिकोहाबाद यूपी, हनुमान निवासी विजय नगर रेवाड़ी, मयंक निवासी गांव मुंडिया खेडा व मनीष वकील निवासी गांव नांगलिया के साथ अपने ऑफिस में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके ऑफिस के बाहर एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रुकी उसमें से काफी लोग अपने हाथों में डंडे व कुल्हाड़ी लेकर उसके ऑफिस में घुस गए और उनमें से अन्ना था जिसको वह जानता था। उससे बोला कि उसे जस्सू, झब्बू व अमन ने भेजा है, तूने उस दिन ठीक नहीं किया और उसके साथ मारपीट करने लगा। उसी दौरान अन्ना के साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने अपने हाथ में ली हुई कुल्हाड़ी से उस पर जान से मारने की नियत से वार किया। कुल्हाड़ी का वार उसके साथी पवन को लगा, जिससे उसके मुंह पर चोट आई और अन्ना के साथ आए अन्य लोगों ने अपने हाथ में लिए हुए डंडे से उसके ऑफिस में तोड़फोड़ की। अन्ना उससे करीब 24500 रुपये छीनकर ले गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में मामला दर्ज करके11 आरोपियों नितिन कुमार उर्फ अन्ना, देवेन्द्र कुमार उर्फ भालु, कौशल, लखन उर्फ लक्खा, सन्नी उर्फ मैसी, अकिंत, नीरज कुमार, भुपेन्द्र उर्फ गांधी, अफलातून उर्फ झब्बू, अमन जाट व नवीन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी गांव धनौरा निवासी अनिल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।