रेवाड़ी। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने महिला के बैग से जेवर व नकदी चोरी करने मामले में तीन साल से फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान यूपी के जिला हापुड़ के गांव हैदरनगर निवासी अमित उर्फ मितु के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मोहल्ला रामगली रेवाड़ी निवासी उषा अग्रवाल ने अपनी शिकायत में बताया था कि 10 जुलाई 2021 को दोपहर लगभग 12 बजे उसने बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो बुलाया था। उसने बस स्टैंड पहुंचकर बाहर सड़क पर ऑटो वाले को फल लाने के लिए कहा। बैग से 200 रुपये निकाल कर ऑटो वाले को दिए थे। जो उसके बैग में एक सोने की बड़ी चेन, लॉकेट, एक सेट कानों के झुमके, तीन सोने की अंगूठी व 15000 रुपये थे। ऑटो में चार आदमी एवं जिसमें एक 17-18 साल का लड़का था और एक औरत भी थी। जो वह बस स्टैंड के बाहर से ही बस पकड़ कर गुरुग्राम चली गई थी।
गुरुग्राम पहुंच कर जब उसने अपना बैग चैक किया तो उसमें जेवरात एवं नकदी नहीं थे। जिस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके मामले में दो आरोपी ताराचंद व उसकी पत्नी फरमीन उर्फ हसीना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात व नकदी बरामद कर लिए थे। जो इस मामले में पुलिस ने वीरवार को एक और आरोपी अमित उर्फ मितु को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।