छात्र अंकुर को बधाई देते शिक्षक। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्विद्यालय के मनोविज्ञान प्रथम सेमेस्टर के छात्र अंकुर ने एसएससी सीपीओ परीक्षा उत्तीर्ण कर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया है। अंकुर गांव लोधाना के निवासी हैं।
इस उपलब्धि पर मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. बिजेंद्र सिंह ने अंकुर को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही स्टाफ सदस्य डॉ. संदीप कुमार, डॉ. सतीश कुमार और रोहित कुमार ने भी अंकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
अंकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता राजदीप और मां मंजू देवी, शिक्षकों और साथियों को देते हुए कहा कि दृढ़ निश्चय और मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बस हार नहीं माननी चाहिए।