रेवाड़ी। जिला वाॅलीबॉल संघ की ओर से ढालियावास सेक्टर-18 में द्वितीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्रों की 47 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अंकित पथरेड़ी की टीम विजेता बनी ।
मुख्य अतिथि समाजसेवी राहुल यादव व नई दिशा युवा मंच के संयोजक एडवोकेट निशांत यादव ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में रामगढ़, ढालियावास, मामडिया, गिव स्टार क्लब, गोशाला क्लब सेक्टर-19, टींट, महम समेत कुल 47 टीमों ने भाग लिया।
स्पर्धा में अंकित पथरेड़ी की टीम ने प्रथम, विकास नानू की टीम दूसरे, चुलियाना तीसरे और पापोसा भिवानी की टीम ने चौथे स्थान पर रही। प्रथम पुरस्कार विजेता को 21 हजार, उपविजेता को 11 हजार, तृतीय को 3100 व चतुर्थ विजेता को 2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 1100-1100 रुपये प्रोत्साहन राशि दी गई।
समाजसेवी राहुल यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरती है। आज का युवा शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपना भविष्य संवार रहा है। भाजपा सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है।
नई दिशा युवा मंच के संयोजक एडवोकेट निशांत यादव ने कहा कि जिला वालीबॉल संघ का उद्देश्य इस खेल से जुड़ी प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है। संघ की टीम इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। इस मौके पर ब्लाक समिति सदस्य खेर सिंह, ढालियावास सरपंच बलराज समेत काफी संख्या में खेलप्रेमी व टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।