एक महीने से रह रहे थे साथ
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी रितिक रोशन ने बताया कि वह करीब एक माह से चांदपुर की ढाणी में जनादेश के मकान में किराए का कमरा लेकर गांव दिलावलपुर की रहने वाली एक महिला कविता के साथ लिव-इन में रह रहा था। कविता की करीब पांच साल की बेटी कुसुम भी उनके साथ रह रही थी।
कविता सोने का हार दिलाने की कर रही थी जिद
आरोपी रितिक रोशन ने बताया कि 13 सितंबर को कविता ने उससे सोने का हार दिलाने की जिद की थी, जिस पर वह उसे रेवाड़ी बाजार में लेकर गया था। बच्ची उस समय कमरे पर ही थी। बाजार जाने के बाद उसने कविता को बताया कि पैसे नहीं होने के कारण वह उसे हार नहीं दिला सकता। इसके बाद दोनों के बीच बाजार में ही विवाद हो गया। कविता उससे नाराज होकर रेलवे स्टेशन की ओर चली गई। उसने कविता को मनाने के काफी प्रयास किया, परंतु वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
बच्ची रो रही तो डांटा, चुप न होने पर पटक-पटककर मार डाला
इसके बाद वह कविता को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर वापिस अपने कमरे पर आ गया। आरोपी रितिक रोशन ने बताया कि कमरे पर आने के बाद बच्ची ने अपनी मां के नहीं आने पर रोना शुरू कर दिया, तो उसने उसे डांटकर चुप कराने का प्रयास किया। जब बच्ची रोने से चुप नहीं हुई तो उसने बच्ची को फर्श पर पटककर मारना शुरू कर दिया। जब बच्ची ने दम तोड़ दिया तो उसने बच्ची के शव को तिरपाल में लपेट दिया और कमरे को बंद करके वहां से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रितिक रोशन अपने परिवार सहित करीब एक माह से यहां रह रहा था
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी बयान के अनुसार 17 सितंबर को पुलिस को चांदपुर की ढाणी के एक मकान में किरायेदार के कमरे में पांच वर्षीय बच्ची का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया था। शव की शिनाख्त उसके परिजनों द्वारा करवाई गई तो शव की पहचान बिहार के जिला मोतीहारी के गांव दिलावरपुर निवासी पांच वर्षीय कुशुम के रूप में हुई थी।
मकान मालिक ने बताई पूरी कहानी
मकान मालिक जनादेश यादव ने पुलिस को बताया कि उसके किराये के कमरे पर मूलरूप से बिहार निवासी रितिक रोशन अपने परिवार सहित करीब एक माह से यहां रह रहा था। रितिक रोशन के साथ रह रही एक महिला कविता ने फोन पर पड़ोस के कमरे पर रहने वाली एक महिला को बताया था कि रितिक रोशन ने उसकी बेटी को मार डाला है। उसकी बेटी का शव कमरे के अंदर पड़ा हुआ है। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर थाना माडल टाउन में हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।