संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका यूनियन ने विभिन्न मांगों को लेकर 18 जुलाई को प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपने का निर्णय लिया है।
यूनियन की जिला प्रधान तारा देवी ने बताया कि वर्ष 2022 में आंदोलन के दौरान रेवाड़ी सहित हरियाणा की 975 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को नौकरी से निकाल दिया गया था। बाद में उन्हें ड्यूटी पर ले लिया गया था। आंदोलन करने वाली सभी वर्करों और हेल्परों को उनकी रोकी गई मानदेय की राशि का पूरा भुगतान तो सरकार ने कर दिया, लेकिन रेवाड़ी की लगभग 135 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं सहित हरियाणा की कुल 975 कर्मियों के मानदेय का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।
इस विषय पर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल पहले भी कई बार चंडीगढ़ स्थित सी एम कार्यालय में व विभाग के उच्च अधिकारियों से मिल चुके हैं। सरकार द्वारा रुका हुआ मानदेय का जल्द भुगतान करने का आश्वासन भी दिया गया था लेकिन उपरोक्त मानदेय अभी तक नहीं किया गया है।