रेवाड़ी। धारूहेड़ा से नंदरामपुर बास रोड के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने नंदरामपुर बास, गांव ततारपुर, अलावलपुर भटसाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर जाम लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाया, कुछ समय बाद जाम खोल दिया गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और डीसी को पत्र भी भेजा है। ग्रामीण महेश ने बताया कि धारूहेड़ा से नंदरामपुर बास रोड का कार्य पीडब्लूडी की तरफ से आज से 9 माह पहले काम शुरू किया गया था। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इस रोड पर साइड में पट्टियां नहीं बनी हैं। रोड जमीन से चार फीट ऊंचा बनाया गया है। नन्दरामपुर बास, अलावलपुर, ततारपुर, भटसाना, सिलारपुर व सभी ग्रामवासी बहुत ज्यादा परेशान हैं। लोगों ने मांग की है कि जो रोड बनाया गया है इसकी सामग्री की जांच अन्य विभाग की तरफ से करवाई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।