रेवाड़ी। गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स। संवाद
रेवाड़ी। गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में ओपीडी सेवाएं जल्द शुरू होने की संभावना है। एम्स प्रशासन ने तकनीकी और अन्य विभागों के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है।
एम्स का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। यह पहला अवसर है जब संस्थान की ओर से औपचारिक रूप से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है जिससे परियोजना को गति मिलने के संकेत मिले हैं।
टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल दोनों श्रेणियों में कई पदों को भरा जाना है। हालांकि अभी कुछ पदों पर वित्त मंत्रालय की स्वीकृति लंबित है। प्रशासन की ओर से शेष पदों के लिए शीघ्र विज्ञापन जारी करने की तैयारी है।
टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल पदों को भरने के लिए वित्त व्यय विभाग को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के माध्यम से प्रस्ताव भेजा जा चुका है और मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से एम्स में ओपीडी शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। यदि भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी होती है और वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिल जाती है तो रेवाड़ी और आसपास के जिलों के मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
-
भर्ती फाइल की क्लीयरेंस को लेकर हो चुकी चर्चा
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह उनकी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भर्ती फाइल की क्लीयरेंस को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वित्त मंत्रालय से शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए वे व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास करेंगे ताकि शेष पदों पर भी भर्ती शुरू हो सके। एम्स में ओपीडी सेवाएं शुरू करने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति आवश्यक है। प्रशासनिक स्तर पर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।