रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल टूर्नामेंट में अहीर महाविद्यालय ने महिला और पुरुष दोनों वर्गों में विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता अहीर महाविद्यालय के परिसर में हुई। इसमें रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों की 10 टीमों ने भाग लिया।
पुरुष वर्ग के फाइनल बास्केटबॉल मुकाबले में अहीर कॉलेज रेवाड़ी और केएलपी कॉलेज की टीम आमने-सामने रही। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला हुआ। अहीर कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए केएलपी कॉलेज को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। केएलपी कॉलेज की टीम दूसरे और यूटीडी मीरपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में भी अहीर कॉलेज और आरडीएस कॉलेज रेवाड़ी की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। अहीर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आरडीएस कॉलेज को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरडीएस कॉलेज दूसरे और केएलपी कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा।
आयोजन सचिव डॉ. धीरज सांगवान ने बताया कि दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले संघर्षपूर्ण रहे। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों और खिलाड़ियों को प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
प्रतियोगिता के दौरान आईजीयू के सहायक खेल निदेशक देवेंद्र ढाका सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खेल प्रभारी और अधिकारी मौजूद रहे। इनमें संजीव कुमार, डॉ. अल्पना, अंजू, आरव पंवार, डॉ. सत्यजीत, डॉ. रामवीर जाखड़ और बाबूलाल सहित अन्य लोग शामिल रहे। खेल संचालन में हरिओम, साहित और लखमीचंद ने सहयोग किया।
टूर्नामेंट के बाद विश्वविद्यालय की टीम के चयन की प्रक्रिया भी आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उर्मिला और खेल निदेशक ने विजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।