डॉ. वंदना पोपली
रेवाड़ी। भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते को भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने भारत की वैश्विक शक्ति का स्वर्णिम अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मदर ऑफ ऑल डील्स न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिरता प्रदान करेगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के बढ़ते कद का प्रमाण भी है।
कहा कि जब दुनिया भर में ट्रंप टैरिफ और संरक्षणवाद के कारण व्यापारिक अस्थिरता का माहौल है ऐसे समय में यह समझौता भारत के लिए इकोनॉमिक शील्ड की तरह काम करेगा।
डॉ. पोपली ने समझौते के हरियाणा पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा का ऑटो हब और रेवाड़ी-बावल के इंजीनियरिंग उद्योगों को यूरोपीय तकनीक और निवेश का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त हरियाणा के टेक्सटाइल और लघु उद्योगों के लिए यूरोप के द्वार अब बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के खुल जाएंगे, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
आईटी और सर्विस सेक्टर के बारे में उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रोफेशनल को अब यूरोप के 144 सर्विस सेक्टर में आसानी से काम करने का मौका मिलेगा। इस डील के तहत भारत के 99% से अधिक निर्यात उत्पादों पर टैरिफ खत्म होने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी बढ़ोतरी होगी।