डबल फाटक पर रास्ते की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को जयपुर मंडल के एडीआरएम से मिलने पहुंचे कॉलोनिवासियों ने कहा कि एडीआरएम साहब फाटक की समस्या का समाधान कराओ। फाटक बंद होने से उपचार में देरी के कारण बुधवार को कॉलोनी के एक व्यक्ति ने नाई वाली फ्लाईओवर पर ही दम तोड़ दिया। उनका कहना था कि यदि फाटक से रास्ता होता तो व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने कहा कि नई बस्ती सहित कई कॉलोनी के लोग यहां पर अंतिम संस्कार करने के लिए आते हैं,उनको भी चार किमी. लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। डबल फाटक पार के कॉलोनीवासियों एवं यहां पर दो दर्जन से ज्यादा दुकानदारों से बृहस्पतिवार को दुकानें बंद रख डबल फाटक से लेकर सचिवालय तक रोष मार्च निकाला। इसके बाद डीआरओ पीडी शर्मा को रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के नाम ज्ञापन भी सौंपा। शुक्रवार से दुकानें बंद कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का एलान भी कर दिया है।
गौरतलब है कि यहां के लोग डबल फाटक के पास से बाइक एवं साइकिल निकालने के रास्ते की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन ने कुछ दिन पहले ही सुरक्षा के मद्देनजर फाटक के दोनों तरफ रेलिंग लगाकर रास्ते को ब्लॉक कर दिया था। बाद में उपायुक्त के आदेश पर साइकल एवं पैदल सवार के लिए रास्ता खोल दिया गया था।
सुरक्षा पहली प्राथमिकता, समाधान का दिया आश्वासन
रेवाड़ी जंक्शन पर मालगाड़ी के डि-रेल होने के बाद यहां का जायजा लेने पहुंचे एडीआरएम एचसी मीणा से दोपहर डेढ़ बजे रेलवे के रेस्ट हाउस में मिलने पहुंचे कॉलोनीवासियों से रास्ता खोलने की मांग पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। उन्होंने कॉलोनीवासियों के आवेदन के बाद उन्होंने समस्या हल कराने का भरोसा भी दिया।
कैप्टन अजय ने भिजवाया रेलमंत्री के नाम ज्ञापन
उधर कैप्टन अजय यादव ने भी कांग्रेस के अन्य जिले के पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर उपायुक्त डॉ.यश गर्ग को रेल मंत्री सुरेश प्रभु के नाम का ज्ञापन सौंपा। कैप्टन ने पत्र में लिखा है कि डबल फाटक के उस पार एक लाख से ज्यादा की आबादी रह रही है। डबल फाटक बंद रहने से इन लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पुराने 50-60 सालों की तरह अंडरब्रिज बनने तक रास्ता दोबारा खोल दिया जाए।
आज से डबल फाटक पर दुकानें बंद
कॉलोनीवासियों ने रास्ता नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को रोष मार्च निकालने के बाद दुकानें बंद कर डबल फाटक पर बैठकर धरना दिया पार्षद डॉ. सत्यनारायण ने कहा कि शुक्रवार से प्रतिदिन पांच लोग चौबीस घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यह क्रम जब समस्या का समाधान नहीं होता चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि विरोध में यहां की दुकानें भी बंद रहेगी। इस अवसर पर निहाल सिंह, राजेश कुमार, सुमेर सिंह, चंद्रकांत, राजेंद्र, अजीत सिंह एवं संदीप कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे।