रेवाड़ी। जिला प्रशासन की ओर से आज से प्रशासन गांव की ओर अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत 24 दिसंबर तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और इनका निवारण किया जाएगा। सुशासन सप्ताह की रिपोर्ट सीपी ग्राम पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) अनुपमा अंजलि ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन गांव की ओर अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार के विभागों की सक्रिय भागीदारी और समर्थन से सुशासन को बढ़ावा देना है। सुशासन सप्ताह के दौरान जनता की शिकायतों के निवारण और सेवा वितरण में सुधार के लिए प्रशासन गांव की ओर अभियान शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत गुड गवर्नेंस के अंतर्गत किए गए कार्यों का संकलन, प्रचार-प्रसार तथा उन्हें पोर्टल पर अपेक्षित फोटोग्राफ के साथ तथा सार्वजनिक शिकायतों के समाधान की सफलता की कहानियों संबंधित विभागों द्वारा पोर्टल पर अपलोड भी की जाएगी।
सीएम विंडो और एसएमजीटी पर ग्रामीण क्षेत्र से आई शिकायतों का होगा जल्द समाधान
एडीसी ने बताया कि सीएम विंडो और एसएमजीटी पर ग्रामीण क्षेत्र से आई शिकायतों का भी जल्द से जल्द समाधान करना है। ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय केंद्रों में आने वाली शिकायतों का समाधान भी दिए गए समय अनुसार किया जाएगा। सभी विभाग विशेष शिविरों में निपटाए गए सार्वजनिक शिकायतों की संख्या, सीपी ग्राम पोर्टल में निपटाए गए सार्वजनिक शिकायतों की संख्या, राज्य पोर्टलों पर निपटाए गए सार्वजनिक शिकायतों की संख्या, ऑनलाइन सेवा वितरण के लिए जोड़ी गई सेवाओं की संख्या, निपटाए गए सेवा वितरण आवेदनों की संख्या को दैनिक रूप से गुड गवर्नेंस पोर्टल पर अपलोड कराएंगे।