संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। तीन विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन तैयार है। 25 व 27 सितंबर को होम वोटिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। 30 सितंबर को आवश्यक सेवाओं में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से मतदान करवाया गया। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल की ओर से आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शिता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए चुनाव डयूटी में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारियों को संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। ईवीएम केवल जीपीएस लगे निर्धारित वाहन में सुरक्षा बलों के साथ ही भेजी जाएगी। मतदान प्रक्रिया व चुनावों से संबंधित अन्य कार्यों को निर्धारित नियमावली के तहत पूरा करवाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर लिए गए हैं। वेब कास्टिंग, ईवीएम, कमीशनिंग, सुरक्षा प्रबंध, चुनाव सामग्री प्रबन्धंन, वोटर टर्न आउट एप तथा मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी प्रबंध कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं को वोटर स्लिप दी जा रही हैं। जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।