रेवाड़ी। परिवहन मुख्यालय के आदेशानुसार अब रोडवेज की बसों व रोडवेज स्टैंड पर चालक, परिचालक के साथ ही निरीक्षकों व यात्रियों के धूम्रपान करने को लेकर सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। विभाग ने ऐसे कर्मचारियों और लोगों पर सख्ती आरंभ कर दी है। दरअसल, मुख्यालय ने सभी रोडवेज डिपो महाप्रबंधकों से रोडवेज की बसों में धूम्रपान करने वाले चालक, परिचालकों, निरीक्षकों और अन्य पर की गई जुर्माना राशि की कार्रवाई का गत वर्ष का माह अनुसार रिकाॅर्ड मांगा था।
रेवाड़ी की तरफ से दी गई रिपोर्ट के मुताबिक शहर स्थित बस स्टैंड परिसर में गत वर्ष 23 लोगों का चालान करते हुए उन पर 2300 रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जिसमें दो चालक- परिचालक शामिल थे। हालांकि, धूम्रपान को लेकर की गई कार्रवाई के यह आंकड़े जिम्मेदारों की गंभीरता पर कहीं न कहीं प्रश्न चिह्न है। वर्षभर में महज 23 लोगों के ही चालान करना महज खानापूर्ति लग रहा है। अब मुख्यालय की सख्ती के बाद आंकड़ों में सुधार की उम्मीद की जा सकती है।
बस या परिसर में धूम्रपान करना गलत है। लोगों को इससे बचना चाहिए। नियम की अनदेखी करने वालों के चालान किए जाएंगे।
- देवदत्त, महाप्रबंधक रोडवेज