रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार टीम ने बुधवार को रेवाड़ी के नियंत्रित क्षेत्र/शहरी क्षेत्र में बने हुए अवैध निर्माणों पर तोड़फोड़ की कार्यवाई की गई। इस कार्यवाई में गांव लालपुर में लगभग 5 एकड़ में बिना अनुमति के अवैध रूप से विकसित हो रही अवैध काॅलोनी में 33 डीपीसी, 17 चारदीवारी व 9 अवैध निर्माण पर जेसीबी से तोड़फोड़ की गई है।
जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त डयूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस प्रशासन की सहायता से कार्यवाई की गई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अनुरोध किया है कि नियंत्रित क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करे। प्लाॅट खरीदने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय से उस काॅलोनी की वैधता के बारे में जानकारी लें, ताकि विभागीय कार्यवाही एवं आर्थिक नुकसान से बचाव हो सके। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध काॅलोनी काटने वाले प्रापर्टी डीलर आमजन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है।