संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। क्षेत्र में एक विवाहिता की जहर देकर हत्या करने का आरोप ससुरालियों पर लगाया गया है। विवाहिता के पिता की शिकायत पर धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
महिला के पिता गांव लीलोढ़ निवासी प्रकाश वीर ने बताया कि उसकी बेटी का विवाह धारूहेड़ा के प्रेम सिंह यादव के साथ हुआ था, इनके दो बच्चे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। बार-बार समझाने के बावजूद भी ससुरालियों के रवैये में बदलाव नहीं आया और उन्होंने 29 दिसम्बर को जहरीला पदार्थ खिला दिया। दो दिन तक वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझती रही। आखिर में उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या की गई और हत्या में पति प्रेम सिंह यादव के साथ-साथ सास-ससुर व ननद भी शामिल है। वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। धारूहेड़ा सेक्टर 6 प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।