संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। चौकी भाड़ावास गेट पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को पहचान जिला महेंद्रगढ़ के गांव गढ़ी निवासी अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
5 अक्तूबर 2023 को सती कॉलोनी निवासी रोहित सैनी ने शिकायत में बताया था कि वर्ष 2021 में महेंद्रगढ़ के गांव गढ़ी निवासी अंकित से संपर्क हुआ था। अंकित ने पुलिस सब इंस्पेक्टर पद पर नौकरी दिलाने की बात कहकर 10 लाख रुपये मांगे थे। अंकित को 1.25 लाख रुपये दिए, जबकि 55 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। अगस्त 2021 में महेंद्रगढ़ के गांव रामबास निवासी प्रवीण ने कहा कि वह भी नौकरी लगना चाहता है। इसके बाद उसे भी अंकित से मिलवा दिया था। अंकित ने प्रवीण को यूपी में आयकर विभाग में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उसके भी 10 लाख रुपये ले लिए थे। अंकित ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके साथ करीब 13 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज किया था।