संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने गांव भवाड़ी में जमीन के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पहचान गांव भवाड़ी निवासी राजकुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है। इस मामले में एक आरोपी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को गांव भवाड़ी निवासी मनीष ने शिकायत में बताया था कि वह गांव भवाड़ी के नजदीक भूपेंद्र के प्लाट के पास अपने साथी बिल्लू, बिरेन्द्र उर्फ कालू व अपने छोटे भाई नितिन के साथ हुक्का पी रहा था। तभी उन्हीं के गांव का रविन्द्र अपनी गाड़ी को लेकर उनके पास आया तथा कुछ देर बाद उसका छोटा भाई दीपक व राजकुमार उर्फ राजू भी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल व अपनी गाड़ी को लेकर उनके पास आ गए। जो आते ही राजकुमार उर्फ राजू ने बिल्लू के साथ हाथा पाई शुरु कर दी और आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नियत से उनपर कई राउंड फायर कर दिए। एक गोली उसके पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों के साथ उनका गांव में प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ माॅडल टाउन थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में एक आरोपी गांव भवाड़ी निवासी दीपक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।