बावल। पुलिस ने जमीन बेचने का झांसा देकर फर्जी इकरारनामा तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव सुबासेहड़ी निवासी कमल सिंह है। आरोपी के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनमें से पांच मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी।
जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि जुलाई 2025 में गांव शाहपुरा निवासी हर्ष और बावल निवासी रणजीत सिंह ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार कमल सिंह ने उन्हें जमीन बेचने का झांसा दिया और फर्जी इकरारनामा तैयार कर उनसे पैसे ले लिए। बाद में जमीन या रकम वापस मांगने पर आरोपी ने दोनों को पैसे और जमीन देने से इन्कार कर दिया।
शिकायत के आधार पर बावल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सुराग जुटाते हुए शनिवार को आरोपी कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, नकली सिक्कों के आयात-निर्यात, सरकारी भूमि चिह्नों को नुकसान पहुंचाने और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने सहित आठ एफआईआर दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।