फोटो : 06पकड़ा गया आरोपी नवीन। स्रोत : पीआरओ
कोसली। थाना कोसली पुलिस ने गांव सुधराना निवासी एक व्यक्ति पर फायरिंग करके जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सुधराना निवासी नवीन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाइसेंसी रिवाल्वर व 11 कारतूस बरामद किए हैं।
गांव सुधराना निवासी कालूराम ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 7 जनवरी को सुबह के समय वह जुड्डी रोड स्थित अपने घर से गांव की तरफ जा रहा था। जब वह रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो उसके गांव के ही एक व्यक्ति नवीन ने उसे रोक लिया। आरोपी नवीन उसके साथ मारपीट व अभद्र भाषा का उपयोग करने लगा। जब उसने अपना बचाव किया तो आरोपी ने रंजिश रखते हुए उस पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग कर दी। उसने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोसली में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए नवीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।