बाथरूम का गैस गीजर लीक होने से एक किशोरी का दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि मौत के असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेंगे।
जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा निवासी करीब 17 वर्षीय हिमांशी रविवार को घर के बाथरूम में नहाने के लिए गई हुई थी। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांचकर्ता अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गैस गीजर के लीकेज हो जाने के कारण उसकी दम घुटने से मृत्यु हुई है। हालांकि मौत के असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।