रेवाड़ी। कोविड-19 जांच में निगेटिव पाए जाने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती पिता-पुत्र को जांच के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था। लेकिन दोनों ही शनिवार सुबह गार्ड को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुुुरु कर दी है। बता दें कि आइसोलशन वार्ड में भर्ती मेरठ निवासी युवक के पास कारतूस मिला था, इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान आरोपी भाग न जाए इसके चलते ट्रॉमा सेंटर में दो पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए थे।
बता दें कि मेरठ निवासी ताहिर व उसके बेटे शाहिद कुछ दिन पहले एक जिले के गांव सुठानी में घूमते हुए पकड़ा गया था। दोनों को यहां के ट्रामा सेंटर में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। शाहिद के पास से वार्ड में भर्ती रहने के दौरान एक कारतूस भी मिला था, जिसके बाद वार्ड नर्स की शिकायत पर शहर थाना में शिकायत भी दर्ज की गई थी। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद शाहिद का ट्रॉमा सेंटर मनोचिकित्सक उपचार कर रहे थे। पुलिस पूछताछ के लिए अभी शाहिद के वार्ड से बाहर निकलने का इंतजार कर रही थी। वार्ड के बाहर पुलिस गार्द भी लगाई गई थी। परंतु शनिवार की सुबह ताहिर व शाहिद पुलिसकर्मियों व वार्ड के स्टाफ को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों के एक साथ फरार होने पर ट्रामा सेंटर व पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस की ओर से दोनों की तलाश शुरू की गई, परंतु उनका कहीं भी पता नहीं लग पाया। देर शाम तक पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।