रेवाड़ी। जिले में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनगणना का कार्य 25 जनवरी से शुरू होगा। इस कार्य में शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। गणना का कार्य पूरा होने के बाद 1 से 5 मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवाल पूछे जाएंगे।
यह जानकारी डीसी अभिषेक मीणा ने दी। उन्होंने बताया कि जनगणना में छूटे हुए परिवारों और दर्ज किए गए आंकड़ों की जांच की जाएगी। जनगणना की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा।
प्रगणक स्मार्टफोन पर उपलब्ध मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं, ऑनलाइन निगरानी प्रणाली से कार्य की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
डीसी ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा और प्रवास सहित अन्य विषयों से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं, सार्वजनिक सुविधाओं और विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों का आकलन कर सकेगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए नियुक्त कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरा हो सके। नागरिकों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी जनगणना अधिनियम-1948 के तहत गोपनीय रखी जाएगी।
डीसी ने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान सही और पूरी जानकारी दर्ज करें तथा प्रगणकों को भी पूरा सहयोग दें।