रेवाड़ी। स्कूल छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। लघु सचिवालय के सभागार में हुई बैठक में डीसी ने शिक्षा विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन करने और विभागीय पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समग्र शिक्षा अभियान, स्कूलों में चल रहे सिविल कार्यों, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि निजी विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों, विकास परियोजनाओं और पेयजल व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और विभागीय जवाब व आवश्यक दस्तावेज तय समय पर प्रस्तुत किए जाएं। जिन परियोजनाओं के प्रस्ताव अंतिम चरण में हैं, उन्हें शीघ्र स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला परियोजना समन्वयक संतोष कुमारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद, खंड शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र धनखड़, फतेह सिंह, सरोज और दुष्यंत मौजूद रहे।