चित्र भेंट करते युवा दल के प्रधान दिनेश कपूर। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। शहीद-ए-आजम भगत सिंह के शहीदी दिवस को लेकर देशभक्ति और बलिदान की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल शहर थाना पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सूबेसिंह से मुलाकात कर शहीदी दिवस पखवाड़ा मनाने की जानकारी दी।
युवा दल के प्रधान दिनेश कपूर ने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं के बीच बढ़ रहे नशे के दुर्व्यसन को रोकने के लिए शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के जीवन और उनके विचारों को युवाओं तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जन्म एक देशभक्त परिवार में हुआ था और बचपन से ही उनका लक्ष्य मां भारती को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराना था।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था 23 मार्च तक स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों के बलिदान के बारे में जागरूक करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को देशभक्ति, त्याग और समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
इस मौके पर संस्था के संरक्षक दीपेश भार्गव, पुलिस उपनिरीक्षक रमेशचंद, राजीव कुमार, मुख्य सिपाही सतीश कुमार, नीरज योगी, सिपाही सुरेश कुमार और अर्चना कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।