रेवाड़ी। माडल टाउन थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर होटल में बुलाकर नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी ने नाबालिग से 60 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने बताया कि वह 10वीं की छात्रा है। एक साल पहले उसकी इंस्टाग्राम के जरिए गांव परखोतमपुर निवासी कर्ण सिंह के साथ दोस्ती हुई थी। दोनों अक्सर इंस्टाग्राम के जरिए ही बात करते थे। एक दिन आरोपी कर्ण सिंह ने नाबालिग को मिलने के बहाने से एक होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने नाबालिग का अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। नाबालिग ने बताया कि आरोपी ने उससे करीब 60 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। उसके बाद भी आरोपी उसे परेशान करता रहा। बाद में नाबालिग ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।