शहर के मिनी बाईपास का अधूरा पड़ा सड़क का कार्य। स्रोत:स्वय
रेवाड़ी। शहर के कृष्णा नगर के पास मिनी बाईपास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। अतिक्रमण के चलते सड़क के करीब 150 मीटर हिस्से का निर्माण चार माह से अटका हुआ है। इसकी वजह से यह हिस्सा पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल होने लगा है।
बाईपास सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराने में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद ने संबंधित को नोटिस दिया है लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका है। इससे सड़क के बचे हिस्से का निर्माण नहीं हो सका है। मिनी बाइपास की सड़क के दोनों तरफ लोगों ने काफी अतिक्रमण किया हुआ है। नगर परिषद की सुस्ती के कारण मिनी बाइपास की सड़क पार्किंग स्थल बन गई है। सड़क का पूरा निर्माण कार्य नहीं होने के कारण एक तरफा आवागमन भी बंद है, जिसके कारण सड़क पर रेहड़ियां भी खड़ी हो गई हैं।
मिनी बाईपास के निर्माण के लिए अगस्त में खुदाई की गई थी। इसके डेढ़ महीने बाद 19 अक्तूबर को निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन सड़क पर अतिक्रमण के कारण बीच में करीब 150 मीटर का टुकड़ा बिना निर्माण के छोड़ दिया गया। अभी तक न अतिक्रमण हटा और न ही निर्माण कार्य पूरा हुआ।
मिनी बाइपास पर जगह-जगह अतिक्रमण
लोगों की सुविधा के लिए बनाई जा रही मिनी बाईपास बावल रोड को दिल्ली रोड तक जोड़ता है, लेकिन मिनी बाईपास पर शुरू से ही लोगों ने जगह-जगह अतिक्रमण किया हुआ है। नगर परिषद की ओर से कई बार अतिक्रमण हटाया भी गया है। मिनी बाईपास पर रहने वाले लोग सड़क व डिवाइडर पर अतिक्रमण किए हुए हैं। लोगों की ओर से सड़क पर अपने पशु तक बांधे जाते हैं और मकान के आगे सड़क पर 3 से 4 फीट तक कब्जा किया हुआ है। नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिए जाते है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है।
वर्जन :
अतिक्रमण के कारण बाईपास सड़क के कुछ हिस्से का काम बचा हुआ है। अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। जल्द ही अतिक्रमण हटवाकर सड़क निर्माण का कार्य पूरा कराया जाएगा।-सुनील कुमार, जेई, नगर परिषद।